सेना में भर्ती होने का सपना देखने वाले यूपी और उत्तराखंड के युवकों के लिए खुशखबरी है। इन प्रदेशों के युवकों की हर वर्ष विभिन्न जिलों में भर्ती आयोजित की जाएगी। इसकी घोषणा दोनों प्रदेश के सेना भर्ती मुख्यालय लखनऊ के डिप्टी डायरेक्टर जनरल एसएस धनकड़ ने की है।
उन्होंने गाजीपुर के सेना भर्ती मेले का जायजा लेने के बाद पीजी कॉलेज के खेल मैदान में पत्रकारों से कहा कि सेना की मंशा है कि अधिक से अधिक योग्य जवानों को सेना में भर्ती किया जाए। इसके लिए दोनों राज्यों के विभिन्न हिस्सों में सेना भर्ती आयोजित की जाएगी।
जनरल एसएस धनकड़ ने कहा कि पूर्वांचल के सभी जिलों के युवकों को सेना में जाने का मौका दिया जाएगा। अब तक जितनी भी भर्ती हुई हैं, उसमें गाजीपुर की भर्ती सबसे बेहतर रही है। उन्होंने सेना की योजनाओं का खुलासा करते हुए कहा कि सेना एक वर्ष में यूपी और उत्तराखंड से 9 से दस हजार जवानों की भर्ती करेगी। अब युवकों को भर्ती के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा। इसके लिए हम लोग विभिन्न तारीखों में सभी जिलों के युवकों को सेना में भर्ती होने का मौका देंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि गाजीपुर से 900 अभ्यर्थियों का चयन भर्ती के लिए किया जाएगा। अन्य जिलों में भर्ती मेला आयोजित करने के लिए जल्द ही कार्यक्रम तय किए जाएंगे। गाजीपुर की भर्ती प्रक्रिया पर संतोष जाहिर करते हुए कहा कि वाराणसी भर्ती मुख्यालय की ओर से आयोजित की गई भर्ती पूरी तरह से सफल है। यहां के कर्नल और जिला प्रशासन के अधिकारियों ने भर्ती का जो खाका तैयार किया है, वह सराहनीय है।