कुड़वार (सुल्तानपुर)। देवलपुर प्रथम गांव में बुधवार शाम विवाहिता की हत्या का शनिवार को कुड़वार पुलिस ने खुलासा कर दिया। घरेलू विवाद में जेठानी ने पारिवारिक सदस्यों की अनुपस्थिति का फायदा उठाते हुए अपनी देवरानी का गला कपड़े के फंदे से घोंटकर हत्या कर दी। शनिवार को आरोपी महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
देवलपुर प्रथम गांव निवासी मुकेश कुमार सिंह की पत्नी सविता सिंह की 25 जून की शाम संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मऊ जिले के रानीपुर के चकभतड़ी गांव निवासी सविता के भाई आदित्य सिंह की तहरीर पर कुड़वार पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया था। आदित्य ने अपनी बहन की हत्या की आशंका जताई।
मामला संदिग्ध देखकर कुड़वार पुलिस ने शनिवार सुबह सविता की जेठानी रीता सिंह को हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, कड़ाई से पूछताछ करने पर रीता सिंह ने हत्या की वारदात अंजाम देने की बात कबूल की। आरोपी रीता ने बताया कि उसकी सविता से हमेशा अनबन रहती थी। बुधवार सुबह कहासुनी के बाद सविता ने रीता के साथ मारपीट की। इसी बात से रीता नाराज थी। वह मौके की तलाश में थी।
शाम को जब घर पर कोई नहीं था तो रीता ने पीछे से कपड़े के फंदे से सविता की गला घोंटकर हत्या कर दी। खुद को बचाने की लिए उसने सविता के आत्महत्या करने की बात कही थी। इंस्पेक्टर अमित मिश्र ने बताया कि केस दर्ज कर आरोपी महिला को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त कपड़ा भी मिल गया है।