सुल्तानपुर। शुकुलहिया गांव में पत्नी के साथ इवनिंग वॉक कर रहे युवक को तेज रफ्तार बाइक ने टक्कर मार दी। दुर्घटना में घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन युवक को लेकर लखनऊ पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
कूरेभार थाना क्षेत्र के शुकुलहिया गांव निवासी हर्षित शुक्ल (30) पुत्र चंद्रभूषण शुक्ल बृहस्पतिवार की देर शाम अपनी पत्नी सत्यनिष्ठा शुक्ला के साथ इवनिंग वॉक पर निकले थे। दंपती घर से थोड़ी दूर ही पहुंचे थे कि एक बाइक पर सवार तीन युवकों ने पीछे से हर्षित को टक्कर मार दी, जबकि सत्यनिष्ठा बाल-बाल बच गई।
सत्यनिष्ठा की चीख-पुकार पर पहुंचे लोग आनन-फानन में हर्षित को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन हर्षित को लेकर लखनऊ पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
हर्षित की मौत की सूचना परिवार में पहुंचते ही कोहराम मच गया। पुलिस ने बाइक को कब्जे में ले लिया है। हर्षित के परिवार में पत्नी सत्यनिष्ठा के साथ ही एक छह वर्षीय बेटा आर्यन शुक्ल है। शुक्रवार की सुबह से ही बेटा आर्यन मम्मी से अपने पापा के बारे में पूछता रहा।