अमेठी। दोस्तों के साथ पड़ोसी गांव में कच्ची शराब पीने गए एक ग्रामीण की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिवारीजन किसान की मौत की वजह जहरीली शराब बता रहे हैं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने पूरे जालिम मल्लाह गांव में छापा मारकर शराब की कई भट्ठियां नष्ट कराते हुए लहन व अन्य उपकरण बरामद किया है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के मड़वा गांव निवासी किसान अयोध्या प्रसाद (48) बृहस्पतिवार शाम गांव के ही रामरूप, पहाड़ी और दिनेश के साथ पड़ोसी गांव पूरे जालिम मल्लाह गांव में कच्ची शराब पीने गया था। देर शाम करीब सात बजे ग्रामीणों को अयोध्या प्रसाद तालाब के पास जमीन पर बेहोशी की हालत में पड़ा मिला।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना उसके परिवारीजनों को दी। सूचना के बाद पहुंचे परिवारीजन अयोध्या को लेकर सीएचसी जगदीशपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के परिवारीजनों का कहना है कि उसकी मौत शराब पीने से हुई है।
परिवारीजनों ने शराब के जहरीली होने की आशंका जताई। परिवारीजनों की सूचना के बाद जगदीशपुर पुलिस हरकत में आ गई। शुक्रवार को जगदीशपुर थानाध्यक्ष अंगद सिंह के नेतृत्व में पुलिस की टीम पूरे जालिम मल्लाह गांव पहुंच गई।
पुलिस को गांव की बाग में 32 गड्ढे मिले। गड्ढे में ड्रम में लहन भरकर शराब बनाई जा रही थी। पुलिस ने गड्ढों से ड्रम को बाहर निकालकर उसे नष्ट करा दिया। मौके पर 30 लीटर अवैध शराब भी मिली। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
सीओ मुसाफिरखाना संतोष सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। पुलिस की टीमें गांव गई थी। शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा। सीओ ने बताया कि मौत की वजह हार्ट अटैक या फिर शुगर की बीमारी हो सकती है।
सीएचसी जगदीशपुर के चिकित्सक डॉ. आरएल यादव ने बताया कि रात में उनकी ड्यूटी थी। जब अयोध्या को स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, तब उसकी मौत हो चुकी थी। मामला संदिग्ध था इसलिए पुलिस को सूचित किया गया था। अयोध्या की मौत कैसे हुई यह जांच का विषय है।