जयसिंहपुर के बहरी गांव में घटनास्थल की जांच करती पुलिस। स्रोत-ग्रामीण
जयसिंहपुर। बहरी गांव में बुधवार सुबह अंबेडकरनगर जिले के महरूआ निवासी सीता (25) का शव तालाब के किनारे झाड़ियों में पड़ा मिला। मृतका के भाई सूरज ने देर शाम शव की शिनाख्त की। उन्होंने अपनी ही बड़ी बहन के देवर पर हत्या करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
बहरी गांव में बुधवार सुबह शव की शिनाख्त नहीं हो पाई तो पुलिस ने मृतका की फोटो वायरल की। मृतका के भाई सूरज के मुताबिक उनकी बड़ी बहन का विवाह जयसिंहपुर के अमोहे निवासी जितेंद्र से हुआ है। जितेंद्र के छोटे भाई गोलू से उनकी दूसरी बहन सीता शादी करना चाहती थी। आरोप है कि दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन गोलू बहन से विवाह नहीं करना चाहता था। मंगलवार शाम सीता अमोहे गांव जाने के लिए निकली, लेकिन घर तक नहीं पहुंच सकी।
सूरज का आरोप है कि गोलू ने बहन की हत्या कर दी है। पुलिस उपाधीक्षक जयसिंहपुर रामकृष्ण चतुर्वेदी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने पर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत स्थानीय पुलिस टीम को लगाया गया है,जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।