वाहन में रखी मादक पदार्थ से भरी बोरियां। स्रोत-पुलिस
सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर रवनिया पूरब गांव के पास मंगलवार की देरशाम एसटीएफ लखनऊ व स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम को चेकिंग के दौरान कुड़वार के एक ट्रक से करीब 15 क्विंटल गांजा मिला। पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया। मादक पदार्थ की बाजार में कीमत एक करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है।
बुधवार दोपहर सीओ नगर सौरभ सामंत ने बताया कि रवनिया पूरब गांव के पास मंगलवार देर शाम ट्रक को रोककर तलाशी ली गई। ट्रक में लगभग 50 बोरियों में भरा गांजा मिला। पुलिस ने ट्रक के अलावा आरोपियों के पास से मिले दो मोबाइल फोन व 4,150 रुपये जब्त किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुजफ्फरनगर जिले के सिखरेड़ा गांव निवासी नासिर और लखनऊ के पारा फतेहगंज स्थित मोहन सड़क निवासी वर्ष आर्या के रूप में हुई है।
पूछताछ में पता चला कि दोनों ओडिशा से गांजा लेकर लखनऊ जा रहे थे। बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसटीएफ लखनऊ व पुलिस टीम ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। 11 अप्रैल को भी काालंभुआ में दुर्घटनाग्रस्त कार से सात पैकेटों में साढ़े छह किलो गांजा बरामद किया गया था।