सुल्तानपुर। प्राविधिक शिक्षा परिषद की लापरवाही का खामियाजा एक युवक को भुगतना पड़ रहा है। वर्ष 2014 में पॉलीटेक्निक की परीक्षा देने के बावजूद छह वर्ष तक उसे मार्कशीट नहीं मिल पाई है। अपनी मार्कशीट के लिए छात्र कॉलेज व बोर्ड के बीच इधर-उधर भटक रहा है। मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर न्याय की मांग की है।
जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के सरैया पूरे साऊ गांव निवासी सत्येंद्र पांडेय लखनऊ के प्रसाद पॉलीटेक्निक कॉलेज में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग से डिप्लोमा कर रहा था। वर्ष 2014 में उसने फाइनल की परीक्षा दी थी।
परीक्षा के बाद जब रिजल्ट घोषित हुआ तो उसे दो विषयों में अनुपस्थित दिखाते हुए अनुत्तीर्ण कर दिया गया था। जिन दो विषयों में सत्येंद्र को अनुपस्थित दिखाया गया था, सत्येंद्र ने उनमें बाकायदा परीक्षा दी थी।
रिजल्ट फेल घोषित होने पर सत्येंद्र पांडेय ने अपने कॉलेज से संपर्क किया तो पता चला कि दो पेपर में उसे अनुपस्थित दिखाया गया है जबकि वह सभी विषयों की परीक्षा में सम्मिलित हुआ था।
इसके बाद सत्येंद्र को प्राविधिक शिक्षा परिषद से संपर्क करने को कहा गया। बोर्ड से उसे अपने कॉलेज और जिस केंद्र पर परीक्षा दी थी, वहां भेजा गया। इन सभी जगहों पर कई बार की कोशिशों के बाद भी सत्येंद्र को न्याय नहीं मिला।
थक हार कर उसने मुख्यमंत्री पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। फरवरी से दर्ज शिकायत का भी अभी तक निस्तारण नहीं हो पाया है। शुक्रवार को जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में सत्येंद्र ने कहा है कि प्राविधिक शिक्षा परिषद की लापरवाही की वजह से न तो कोई कागज दिया जा रहा है और न ही मेरी मार्कशीट ही संशोधित कर भेजी जा रही है।