बहन के घर से लौट रहे एक युवक को चुनावी रंजिश में शुक्रवार रात चार युवकों ने चाकू मार दिया। परिवारीजनों ने युवक को गंभीर हालत में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर चार युवकों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है।
करौंदीकलां थाना क्षेत्र के शहाबुद्दीनपुर गांव निवासी ध्रुवसेन सिंह (36) ग्राम प्रधान के चुनाव की तैयारी कर रहे है। शुक्रवार रात वह बाजार से पैदल घर लौट रहा था। गांव के समीप ही पहले से घात लगाकर बैठे जयसिंह समेत चार युवकों ने उसे पकड़ लिया और पिटाई शुरू कर दी।
इस दौरान एक युवक ने ध्रुवसेन सिंह को चाकू मार दिया। ध्रुवसेन सिंह की चीख-पुकार पर पहुंचे परिवारीजन उसे लेकर सीएचसी कादीपुर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार शुरू किया।
एसओ करौंदीकलां राजकुमार यादव ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर जयसिंह, भानु सिंह, पवन सिंह और दीप नारायण सिंह निवासी शहाबुद्दीनपुर थाना करौंदीकलां के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।