जयसिंहपुर के श्रीरामनगर के पास दुर्घटना के बाद रोते-बिलखते परिजन।
जयसिंहपुर/ सेमरी बाजार (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के श्रीराम नगर स्थित अंडरपास के नीचे बृहस्पतिवार को ट्रक से टकराकर बाइक सवार दंपती घायल हो गए।
हादसे में पत्नी की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि घायल पति को मेडिकल कॉलेज सुल्तानपुर रेफर कर दिया गया। जयसिंहपुर के गोविंदपुर खोजापुर गांव निवासी रमेश कुमार (35) बृहस्पतिवार दोपहर बाइक से अपनी पत्नी वंदना (32) के साथ श्रीरामनगर चौराहे पर जनसेवा केंद्र से पैसे निकालने गए थे। दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। श्रीराम नगर से कुछ ही दूर से गुजरे एक्सप्रेसवे के अंडरपास के नीचे उनकी बाइक एक ट्रक से टकरा गई।
ग्रामीणों के मुताबिक, ट्रक गलत दिशा से जा रहा था। वंदना की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश को बिरसिंहपुर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
रमेश ने वंदना से दूसरा विवाह किया था। उनकी पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। रमेश की दो संतानें हैं। बिरसिंहपुर चौकी इंचार्ज प्रेम नारायण राजपूत ने बताया कि ट्रक छोड़कर चालक भाग निकला। रमेश ने हेलमेट नहीं पहना था।