. कूरेभार के दखिनवारा गांव में किसान की मौत के बाद रोते-बिलखते परिजन।
कूरेभार (सुल्तानपुर)। दखिनवारा गांव निवासी किसान सुशील कुमार उर्फ बब्बन (35) अपने खेत में गन्ने की गोड़ाई करने गए थे। उस समय उनके खेत के चारों ओर लगाए गए तार में करंट प्रवाहित हो रहा था। अचानक करंट लगने से वह झुलस गए। घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।
सुशील का खेत दखिनवारा गांव में ही घर से कुछ दूरी पर स्थित है। उनके खेत के पास मौजूद लोगों ने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजन खेत से सुशील का शव घर ले गए। शव घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक, सुशील ने अपने गन्ने के खेत के चारों तरफ बिजली के तार लगाए थे। घटना के समय तार में करंट दौड़ रहा था।
खेत की गोड़ाई करते समय वह तार के संपर्क में आ गए। सुशील की मौत से पत्नी सोनिका का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष रविंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से मना कर दिया है।