क्षेत्र के आठ गांवों के विद्युत ट्रांसफार्मर फुंकने से उपभोक्ताओं की मुसीबतें बढ़ गई हैं। ट्रांसफार्मर फुंकने से भदैंया क्षेत्र की करीब 30 हजार आबादी अंधेरे में रहने को विवश हैं। उपभोक्ताओं की शिकायत के एक सप्ताह बीतने के बाद भी पावर कॉर्पोरेशन ट्रांसफार्मर नहीं बदल सका है।
बिजली के अभाव में आठ राजकीय नलकूप बंद हो गए हैं। पानी नहीं मिलने से किसानों की धान की रोपाई पिछड़ने लगी है। जल्द ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने पर उपभोक्ताओं ने सड़क पर उतर आंदोलन की चेतावनी दी है।
स्थानीय विकास क्षेत्र के भुसका, सराय अचल, दोमुहां चौराहा, पखरौली, कामतागंज, बेलामोहन, बरुई व पन्ना टिकरी गांव में लगे विद्युत ट्रांसफार्मर एक सप्ताह पहले फुंक गए थे।
ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से इन सभी गांवों की करीब 30 हजार आबादी सप्ताह भर से अंधेरे में रहने को विवश है। इन सभी गांवों में किसानों के खेतों की सिंचाई के लिए एक-एक राजकीय नलकूप लगे हैं। इसके अलावा कुछ किसानों ने सबमर्सिबल भी लगाए हुए हैं।
बरसात कम होने से किसान धान की रोपाई को लेकर निराश हैं। वहीं, आठ ट्रांसफार्मर के फुंकने से आठ राजकीय नलकूप व कई सबमर्सिबल पंप ने पानी देना बंद कर दिया है।
एक सप्ताह के दौरान विद्युत उपभोक्ताओं व किसानों ने कई बार पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी व कर्मचारियों से शिकायत की। इसके बाद भी पावर कॉर्पोरेशन के अधिकारी व कर्मचारी फुंके ट्रांसफार्मरों को बदलने की जहमत नहीं उठा रहे हैं।
खेतों में डाली गई धान की नर्सरी तैयार हो चुकी है। इस समय धान की रोपाई का उपयुक्त समय चल रहा है। फुंके ट्रांसफार्मर नहीं बदले जाने से किसानों की धान की रोपाई पिछड़ रही है। विद्युत उपभोक्ताओं व किसानों का कहना है कि जल्द फुंके ट्रांसफार्मर नहीं बदले गए तो धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
भदैंया क्षेत्र के भुसका गांव में लगा 63 केवीए, सराय अचल गांव का 25 केवीए, दोमुहां चौराहे पर लगा 100 केवीए व पखरौली में लगा 63 केवीए का ट्रांसफार्मर फुंक गया है। कामतागंज में 100 केवीए, बेलामोहन गांव में लगा 63 केवीए, बरुई गांव का 25 केवीए व पन्ना टिकरी गांव के पास समाजवादी अभिनव स्कूल के पास लगा 25 केवीए का ट्रांसफार्मर बीते एक सप्ताह से फुंका पड़ा है।
केएनआई ईस्ट फीडर के अवर अभियंता शोभित यादव ने बताया कि क्षेत्र के आठ गांवों में फुंके ट्रांसफार्मरों की सूचना मिली है। फुंके ट्रांसफार्मर को वर्कशॉप भेजने की प्रक्रिया चल रही है। जल्द ही सभी ट्रांसफार्मर बदलवा कर विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी जाएगी।