कर्मचारियों और शिक्षकों का प्रदर्शन
- फोटो : अमर उजाला
सातवें वेतन आयोग की सिफारिशों से नाराज शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट गेट पर प्रदर्शन किया। साथ ही वेतन आयोग की संस्तुतियों की प्रतियां जलाकर विरोध जताया।
पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उत्तर प्रदेश कर्मचारी शिक्षक समन्वय समिति के संयोजन में शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने तिकोनिया पार्क में सभा की। सभा के बाद प्रदर्शनकारी जुलूस की शक्ल में नारेबाजी करते हुए कलेक्ट्रेट गेट पर पहुंचे। समिति के संयोजक राम विशाल द्विवेदी ने कहा कि कर्मचारियों एवं शिक्षकों को अपने हितों के लिए तैयार रहना होगा।
प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष दिलीप पांडेय ने कहा कि 14 जुलाई से सात सूत्री मांगों को लेकर तिकोनिया पार्क में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। सभा को माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री बृजेश सिंह, प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला प्रवक्ता निजाम खान, स्वास्थ्य विभाग के इंद्रभूषण पांडेय, लघु सिंचाई विभाग के शीतला प्रसाद, डा. एचबी सिंह, राजबख्श मौर्य समेत कई कर्मियों ने संबोधित किया।