सुल्तानपुर। जिले में मनरेगा के जॉब कार्डधारकों की मजदूरी पर आगामी वित्तीय वर्ष में 2.81 अरब रुपये खर्च करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही जिला पंचायत से 52.29 करोड़ से विभिन्न विकास कार्य कराने का लक्ष्य है। बृहस्पतिवार को जिला पंचायत सभागार में हुई सामान्य बैठक में वित्तीय वर्ष 2025-2026 की कार्ययोजना को स्वीकृति दे दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष ऊषा सिंह की अध्यक्षता में बृहस्पतिवार दोपहर साढ़े 12 बजे बैठक शुरू हुई। अपर मुख्य अधिकारी हरिओम नारायण चंद ने चालू वित्तीय वर्ष में लक्ष्य के सापेक्ष कराए गए कार्यों की प्रगति व एजेंडे में शामिल कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने वित्तीय वर्ष में विभिन्न योजनाओं से कराए जाने वाले कार्यों को सदन के सामने रखा।
बताया कि शासन की विभिन्न योजनाओं से जिला पंचायत को 47.16 करोड़ रुपये मिले। इसके सापेक्ष 48.16 करोड़ रुपये की योजनाएं मंजूर हुईं हैं। आगामी वित्तीय वर्ष के लिए जिला पंचायत को शासन से मिलने वाली राशि का मूल बजट 49.75 करोड़ रखा गया है। आगामी वित्तीय वर्ष में 52.29 करोड़ रुपये का विकास कार्य कराने का लक्ष्य रखा गया है।
प्रशासनिक अधिकारी दिनेश सिंह ने बताया कि जिले में मनरेगा के जॉब कार्डधारकों के रोजगार पर 2.81 अरब रुपये का बजट सदन के समक्ष रखा गया। सभी प्रस्तावों को सदन ने मंजूरी दे दी। सदर विधायक राज प्रसाद उपाध्याय ने जिला पंचायत सदस्यों की बिजली की समस्याओं को निस्तारित कराने का निर्देश वितरण निगम के अधिशासी अभियंता को दिया।
इस मौके पर कादीपुर विधायक राजेश गौतम, मुख्य विकास अधिकारी अंकुश कौशिक, सीआरओ बाबूराम समेत कई विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में जिला पंचायत सदस्य चंदन यादव, चांदनी, ओपी चौधरी, ब्रदीनाथ यादव व ब्लॉक प्रमुखों में शिवकुमार सिंह, चंद्रप्रताप सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।