फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मोबाइल क्रय केंद्र से 13 ब्लॉकों में नहीं शुरू हो पाई गेहूं खरीद

विज्ञापन
विज्ञापन
सुल्तानपुर। शासन के निर्देश पर जिले में शुरू किए गए मोबाइल क्रय केंद्र से भी गेहूं की खरीद रफ्तार नहीं पकड़ पा रही है। पखवाड़े भर पूर्व शुरू किए गए इस क्रय केंद्र के माध्यम से अभी तक 13 ब्लॉकों में खरीद की शुरुआत नहीं हो पाई है। केवल कुड़वार ब्लॉक में 75 क्विंटल गेहूं की खरीद की गई है।
विज्ञापन

जिले में रबी विपणन वर्ष 2022-23 में किसानों के गेहूं की खरीद करने के लिए पहले 44 क्रय केंद्र बनाए गए थे। बाद में क्रय केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 70 कर दी गई थी। पहली अप्रैल से शुरू हुई गेहूं खरीद 15 जून तक चलेगी। सरकारी क्रय केंद्रों पर 70 हजार एमटी गेहूं किसानों से खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शासन ने इस बार गेहूं का समर्थन मूल्य 2,015 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है।
गेहूं का सरकारी रेट बढ़ने पर व्यापारियों ने भी इसका रेट बढ़ाकर करीब साढ़े 19 रुपये प्रति किलोग्राम कर दिया है। इससे किसान अपना गेहूं सरकारी क्रय केंद्रों पर देने के बजाय व्यापारियों को बेच दे रहे हैं। सरकारी क्रय केंद्रों पर सुस्त गति से गेेेहूं की खरीद चल रही है। इसे देखते हुए शासन ने पिछले दिनों मोबाइल क्रय केंद्र खोलने का निर्देश दिया था।
विज्ञापन

शासन के निर्देश पर जिलाधिकारी ने सरकारी खरीद बढ़ाने के लिए मोबाइल गेहूं क्रय केंद्रों के माध्यम से खरीद करने का आदेश दिया था। कहा गया था कि जिस गांव में एक ट्रक गेहूं क्रय की संभावना होगी, वहां मोबाइल क्रय केंद्र के माध्यम से पंचायत भवन या उचित दर विक्रेताओं की दुकानों पर गेहूं क्रय किया जाएगा। वहां खरीदा गया गेहूं भारतीय खाद्य निगम के डिपो भेजा जाएगा।
करीब पखवाड़े भर पूर्व मोबाइल क्रय केंद्र से किसानों का गेहूं खरीदने की व्यवस्था शुरू की गई थी। जिला खाद्य विपणन अधिकारी कार्यालय से मिली जानकारी के मुताबिक अभी तक कुड़वार ब्लॉक में 75 क्विंटल गेहूं मोबाइल क्रय केंद्र के माध्यम से खरीदा गया है। जिले के अन्य 13 ब्लॉकों में अभी तक मोबाइल क्रय केंद्र के माध्यम से किसानों से गेहूं की खरीद नहीं हो पाई है। गेहूं खरीद के लिए अधिकारी व कर्मचारी संबंधित क्षेत्र के किसानों से संपर्क कर रहे हैं।
मोबाइल क्रय केंद्र के माध्यम से गेहूं की खरीद शुरू हो गई है। ग्राम प्रधानों, लेखपालों व कृषि विभाग के तकनीकी सहायकों को किसानों को लाने के लिए लगाया गया है। सभी ब्लॉकों में खरीद शुरू कराने के लिए किसानों से संपर्क किया जा रहा है।
विज्ञापन

-विनीता मिश्रा, जिला खाद्य विपणन अधिकारी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें