सुल्तानपुर। होली पर्व को देखते हुए रेलवे की ओर से दो वीकली स्पेशल ट्रेनों का संचालन पहली मार्च से नौ मार्च के बीच फिर से शुरू किया जा रहा है। वाराणसी-भटिंडा व वाराणसी-कटरा स्पेशल ट्रेन पहली मार्च से नौ मार्च के बीच आरंभिक स्टेशन से गंतव्य तक दो फेरे लगाएंगी। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर भी इन दोनों ट्रेनों का ठहराव होगा।
होली के मद्देनजर पहली ट्रेन भटिंडा-वाराणसी डाउन एक्सप्रेस पहली मार्च रविवार को रात्रि 08:50 बजे छूटेगी। दूसरे दिन सोमवार को शाम 07:20 बजे वाराणसी पहुंचेगी। स्थानीय स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव 4:15 बजे होगा। वापसी में वाराणसी-भटिंडा अप एक्सप्रेस का संचालन आरंभिक स्टेशन वाराणसी से दो मार्च सोमवार को रात्रि 9.20 पर होगा। स्थानीय स्टेशन पर इस ट्रेन का ठहराव रात्रि 11:40 बजे होगा।
मंगलवार को शाम सवा सात बजे यह ट्रेन भटिंडा पहुंचेगी। वहीं, वाराणसी से कटरा के बीच चलने वाली श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल ट्रेन कटरा से पहली मार्च को रात 11:30 बजे रवाना होगी। स्थानीय स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव दूसरे दिन देर रात 12:00 बजे होगा। यह ट्रेन भोर तीन बजे वाराणसी पहुंचेगी।
वापसी में वाराणसी से मंगलवार तीन मार्च को सुबह छह बजे रवाना होगी। इस ट्रेन का ठहराव स्थानीय रेलवे स्टेशन पर सुबह 8:28 बजे होगा। दूसरे दिन यह ट्रेन दोपहर सवा बजे कटरा पहुंचेगी। पहली से नौ मार्च के बीच दोनों ट्रेनों का संचालन होने से जिलेवासियों को भी यात्रा में सुविधा होगी।
वाराणसी से इंदौर तक जाने वाली काशी-महाकाल एक्सप्रेस गुरुवार को दोपहर बाद करीब 4:45 बजे स्थानीय रेलवे स्टेशन पहुंची। आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने ट्रेन के यात्रियों से सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। बताया गया कि हर कोच में सीसीटीवी कैमरे लगे हैं।
खान-पान की सुविधा के साथ अन्य व्यवस्थाएं की गई हैं। आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अश्विनी श्रीवास्तव ने बताया कि इंदौर व उज्जैन में तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए यात्रियों को पूरी सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस मौके पर उनके साथ आईआरसीटीसी के एके पांडेय समेत अन्य कई अधिकारी मौजूद रहे।