चांदा (सुल्तानपुर)। गुलालपुर बाजार में गुरुवार सुबह साइकिल सवार दंपती को तेज रफ्तार मिनी ट्रक ने रौंद दिया। हादसे में पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पति बाल-बाल बच गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर केस दर्ज किया है।
जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के हडिया गांव निवासी जितेंद्र मौर्य गुरुवार की सुबह अपनी पत्नी सरिता (40) को साइकिल पर बैठाकर रामगंज रिश्तेदारी जा रहे थे। रास्ते में गुलालपुर बाजार के पास दंपती पहुंचे ही थे कि तभी तेज रफ्तार एक मिनी ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना में सरिता की मौके पर ही मौत हो गई जबकि जितेंद्र बाल-बाल बच गए।
स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चांदा पुलिस घटना स्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। कोतवाल प्रवीण यादव ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश की जा रही है।