योग दिवस की पूर्व संध्या पर पंत स्टेडियम में अभ्यास करते खिलाड़ी। स्रोत- खेल विभाग
सुल्तानपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर रविवार को पूरा जिला योगमय नजर आएगा। शहर से लेकर गांव तक विभिन्न स्थानों पर सामूहिक योग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। योग के माध्यम से लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और रोगों से बचाव का संदेश दिया जाएगा। जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शहर के पर्यावरण पार्क में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में कृषि राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह, जिला प्रशासन के अधिकारी, विभिन्न विभागों के कर्मचारी, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में लोग सामूहिक योगाभ्यास करेंगे। इस दौरान योग के महत्व और इसके स्वास्थ्य लाभों पर प्रकाश डाला जाएगा।
जिले की सभी तहसीलों, ब्लॉकों और सभी 979 ग्राम पंचायतों में भी योग शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में लोगों को नियमित योगाभ्यास, प्राणायाम और स्वस्थ दिनचर्या के बारे में जानकारी दी जाएगी। पतंजलि योग समिति, आर्ट ऑफ लिविंग और गायत्री परिवार सहित विभिन्न संस्थाएं भी अपने-अपने स्तर पर योग शिविर लगाकर लोगों को योग के प्रति जागरूक करेंगी।
जिला कारागार में भी विशेष योग सत्र आयोजित होगा, जिसमें बंदियों को विभिन्न योगासनों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। पुरुषों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। योग दिवस को सफल बनाने के लिए 15 जून से जिलेभर में योग प्रशिक्षकों की तैनाती की गई है, जबकि पुलिस लाइंस में चल रहे शिविर में पुलिसकर्मी नियमित योगाभ्यास कर रहे हैं।