सुल्तानपुर। एमपी-एमएलए की स्पेशल सेशन कोर्ट में पूर्व मंत्री जंग बहादुर सिंह व अन्य के खिलाफ चल रहे हत्या के मुकदमे में बुधवार को भी अभियोजन पक्ष के गवाह जगदंबा सिंह हाजिर नहीं हुए। इसकी वजह से केस का ट्रायल बाधित रहा। अदालत ने गवाह के खिलाफ जमानती वारंट जारी करते हुए 11 नवंबर के लिए तलब किया है।
अमेठी जिले के जगदीशपुर के पूरे मतऊ गौरा निवासी शिवकुमार यादव ने सात अप्रैल 2001 की घटना बताते हुए भाई राजकुमार यादव की साजिशन हत्या के आरोप में मुकदमा दर्ज कराया था, उन्होंने पूर्व मंत्री जंग बहादुर सिंह, राम विशाल तिवारी, सह आरोपी अशोक कुमार व विजय को नामजद किया था।
धर्मांतरण कराने के आरोपी की जमानत अर्जी खारिज : सुल्तानपुर। लालच देकर धर्म परिवर्तन कराने के मामले में अपर जिला जज प्रथम संतोष कुमार की अदालत ने जेल गए आरोपी तुलसीराम की जमानत अर्जी बुधवार को खारिज कर दी।
जयसिंहपुर थाने के अहिबरनपुर गांव के रहने वाले सुरेंद्र यादव ने पिछली 21 सितंबर को मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप के मुताबिक, जयसिंहपुर थाने के सैती पुरुषोत्तमपुर निवासी आरोपी अपने कपड़े की दुकान में लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन करा रहे थे। (संवाद)