सुल्तानपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव के लिए मतदान कार्मिकों और जोनल-सेक्टर मजिस्ट्रेट का प्रशिक्षण शनिवार को पूरा हो गया। विकास भवन के प्रेरणा सभागार में आयोजित प्रशिक्षण में मतदान प्रक्रिया, कार्मिकों की जिम्मेदारियों और निर्वाचन सामग्री के इस्तेमाल की जानकारी दी गई। वहीं मतदान पार्टियां 22 अक्तूबर को कलेक्ट्रेट परिसर से रवाना होंगी।
जिला प्रशिक्षण अधिकारी निसार अहमद ने मतदान अभिकर्ताओं के लिए प्रारूप-10 के महत्व की जानकारी दी। बताया कि पीठासीन अधिकारी इस प्रारूप पर हस्ताक्षर कराकर मतदान अभिकर्ताओं को पास जारी करेंगे। मास्टर ट्रेनर सत्यदेव पांडेय ने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेट के कार्यों एवं दायित्वों को समझाया। मास्टर ट्रेनर सुनील कुमार सिंह ने भूमिका निर्वहन के जरिये मतदान की प्रक्रिया समझाई।
उन्होंने बताया कि प्रथम मतदान अधिकारी मतदाता की पहचान करेंगे, द्वितीय मतदान अधिकारी मतपत्र और अमिट स्याही से संबंधित जिम्मेदारी निभाएंगे। तृतीय मतदान अधिकारी मतपेटी का कार्यभार संभालेंगे। प्रशिक्षण के दौरान कार्मिकों को अपनी जिम्मेदारियों का निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार निर्वहन करने की जानकारी दी गई। प्रस्तुतीकरण तैयार करने में वकील अहमद और विपिन यादव ने सहयोग किया। बैठक व्यवस्था की जिम्मेदारी प्रदीप नाजिर, कल्लूराम, अखिलेश वर्मा, कालिका पांडेय और राम तीर्थ ने संभाली।
22 अक्तूबर को पहुंचना होगा कलेक्ट्रेट
प्रशिक्षण व्यवस्था देख रहे डॉ. जनार्दन राय ने मतदान सामग्री के वितरण की प्रक्रिया बताई। सभी पीठासीन अधिकारियों को वाहिद अली की ओर से मतदान सामग्री का थैला दिया गया। कार्मिकों को निर्देश दिया गया कि वे 22 अक्तूबर को निर्धारित समय पर कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचें और अपनी ड्यूटी प्राप्त करें।