सुल्तानपुर। खुनशेखपुर गांव में सोमवार सुबह दो पक्षों के बीच भूमि विवाद ने हिंसक संघर्ष का रूप ले लिया। ग्रामीणों की सूचना पर एक सिपाही ने पहुंचकर बीच-बचाव शुरू किया तो उस पर पत्थर से हमला कर दिया गया। हमले में सिपाही समेत छह लोग घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर केस दर्ज कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के खुनशेखपुर गांव निवासी सालिकराम और सर्वजीत के बीच काफी समय से भूमि विवाद चल रहा है। सोमवार सुबह दोनों पक्षों के बीच मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्षों की ओर से लाठी-डंडे चले और पत्थरबाजी हुई। इस बीच कुछ ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी। सूचना मिलते ही धोपाप घाट के पास ड्यूटी में तैनात सिपाही सरताज को मौके पर भेजा गया।
सरताज दोनों पक्षों को शांत करा रहा था तभी किसी ने उस पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में सरताज गंभीर रूप से घायल हो गया। सिपाही के घायल होने की सूचना लोगों ने उच्च अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही लंभुआ कोतवाल वंशराज पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। पुलिस हमले में घायल सिपाही सरताज, सालिकराम पक्ष के शीतल, सत्यम व दूसरे पक्ष से सर्वजीत व अन्य लोगों को सीएचसी पहुंचाया। सीओ लंभुआ लालचंद्र चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। तनाव को देखते हुए पुलिस तैनात की गई है। कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में भी लिया है।