सुल्तानपुर। भीषण गर्मी में बिजली कटौती से बेहाल ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए राहत है। जिले के सात विद्युत उपकेंद्रों से जुड़े 14 फीडरों को 31 अगस्त तक 24 घंटे बिजली आपूर्ति उपलब्ध कराई जाएगी।
करीब तीन लाख की आबादी को कटौती और लो-वोल्टेज से राहत मिलेगी। ग्रामीण क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर 18 घंटे का ही रहेगा, लेकिन फॉल्ट या ब्रेकडाउन के कारण जितनी देर आपूर्ति बाधित होगी, उसकी भरपाई बाद में की जाएगी।
यूपी स्टेट लोड डिस्पैच सेंटर (यूपीएसएलडीसी) ने सभी अधीक्षण अभियंताओं को पत्र जारी किया है। पारेषण खंड ने 220 केवी उपकेंद्र पयागीपुर से कूरेभार, असरोगा, कुड़वार, बल्दीराय, रामगंज, शंकरगढ़, पकड़ी और करौंदीकला उपकेंद्रों को 24 घंटे सप्लाई देने का आदेश दिया है।
इन उपकेंद्रों से जुड़े कूरेभार, धनपतगंज, बंधुआकला, रामनगर, कुड़वार, सरकौड़ा, रामगंज, शिवगढ़, पकड़ी, धम्मौर, करौंदीकला, भटमई, बल्दीराय और शंकरगढ़ फीडर ओवरलोड चल रहे हैं। गर्मी में मांग बढ़ने से बार-बार फॉल्ट हो रहे हैं। खराबी तलाशने और दुरुस्त करने में कई घंटे लगने से आपूर्ति बहाल नहीं हो पाती थी। कई गांवों में 18 घंटे के रोस्टर के बावजूद आठ से दस घंटे ही बिजली मिल रही थी।
नई व्यवस्था से पारेषण उपकेंद्रों पर बिजली उपलब्ध रहेगी। स्थानीय स्तर पर फॉल्ट ठीक होते ही आपूर्ति तुरंत बहाल की जा सकेगी। ग्रामीण इलाकों में कटौती का असर कम होगा।