सुल्तानपुर। शहर से सटे पैगापुर गांव के पास सोमवार की सुबह सड़क पार कर रहे एक युवक को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों की सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के लाखीपुर गांव निवासी राजाराम का बेटा राज बहादुर रविवार को अपनी बुआ के घर लोखड़ियापार गांव मौजा गोंड़वा गया था। सोमवार की सुबह राज बहादुर बुआ से मिलकर अपने घर लौट रहा था।
राज बहादुर पैगापुर गांव के पास सड़क पार कर रहा था। तभी उसे अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। हादसे में राज बहादुर की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने मृतक युवक के पास मिले सामानों की जांच की तब जाकर उसकी शिनाख्त हुई। पुलिस की सूचना के बाद मौके पर पहुंचे परिवारीजनों ने शव की शिनाख्त की। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।