रेलवे की गुड्स साइडिंग पर मालगाड़ी से ट्रक पर यूरिया खाद लोड करते मजदूर।
सुल्तानपुर। यूरिया की किल्लत झेल रहे किसानों के लिए खुशखबरी है। रेलवे की गुड्स साइडिंग पर रविवार को इंडोरमा कंपनी की 18000 क्विंटल यूरिया की रैक पहुंची। अधिकारियों की मौजूदगी में खाद को ट्रकों पर लोड कराते हुए साधन सहकारी समितियों और निजी उर्वरक विक्रेताओं के यहां भेजा जा रहा है। सोमवार को समितियों से खाद का वितरण किया जाएगा।
जिले में खाद की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन अलर्ट है। डीएम कुमार हर्ष के निर्देश पर एडीएम (एफआर) एस सुधाकरन और जिला कृषि अधिकारी सदानंद चौधरी ने रविवार को रेलवे की गुड्स साइडिंग पर पहुंचकर खाद की रैक का निरीक्षण किया। इसके बाद पयागीपुर चौराहा स्थित पीसीएफ गोदाम पहुंचे।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने स्टॉक रजिस्टर का मिलान कर खाद की सप्लाई और उपलब्धता का पूरा लेखा-जोखा लिया। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि इंडोरमा कंपनी की एक रैक यूरिया 18000 क्विंटल आ गई है। इसमें से 9100 क्विंटल 69 साधन सहकारी समितियों और 8900 क्विंटल यूरिया 107 निजी विक्रेताओं के यहां भेजी जा रही है। दो दिन में इफको कंपनी की एक रैक यूरिया और आने वाली है। अब खाद के लिए किसानों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
इनसेट-
कृषि विभाग ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर
कृषि विभाग की ओर से उर्वरक की समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। किसान 9473702495 व 6388975658 नंबरों पर अपनी शिकायत दर्ज कराकर तत्काल समाधान प्राप्त कर सकते हैं। किसानों की ओर से की गई शिकायत का तत्काल निस्तारण कराया जाएगा।
- सदानंद चौधरी, जिला कृषि अधिकारी।