लंभुआ में तिरंगा यात्रा के दौरान आपस में बात करते दोनों भाजपा नेता। सोशल मीडिया
लंभुआ। भाजपा की तिरंगा यात्रा में बुधवार को निर्धारित मार्ग बदलने से भड़के नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश सिंह के समर्थकों ने हंगामा किया। उन्होंने जिला महामंत्री विजय प्रताप त्रिपाठी की कार रोककर नारेबाजी की।
समर्थकों ने विजय प्रताप त्रिपाठी पर अमर्यादित व्यवहार का आरोप भी लगाया। पुलिस ने किसी तरह स्थिति संभाली। पुलिस ने यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने की बात कही। यात्रा के संयोजक जमखुरी निवासी ओम प्रकाश त्रिपाठी बनाए गए थे। यात्रा को सर्वोदय इंटर कॉलेज से वीर अब्दुल हमीद चौक तक जाना था। नगर पंचायत अध्यक्ष अवनीश सिंह को व्यवस्था की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने चौक पर कार्यकर्ताओं के लिए भोजन और बैठने की व्यवस्था कराई थी।
अचानक यात्रा का मार्ग बदलकर मुख्य चौराहे से दियरा-पठखौली रोड होते हुए दोबारा सर्वोदय इंटर कॉलेज कर दिया गया। इससे चौक पर की गई पूरी व्यवस्था बेकार हो गई। नाराज समर्थकों ने जिला महामंत्री पर राजनीतिक कारणों से मार्ग बदलने का आरोप लगाया।
समर्थक बोले-चुनाव में विजय प्रताप त्रिपाठी को हराया था : समर्थकों का कहना था कि नगर पंचायत चुनाव में विजय प्रताप त्रिपाठी को निर्दल प्रत्याशी अवनीश सिंह ने हराया था। अवनीश सिंह भाजपा के कार्यकर्ता हैं। अवनीश सिंह ने कहा कि मार्ग बदलने से कार्यकर्ताओं का मनोबल टूटा। यात्रा संयोजक ओम प्रकाश त्रिपाठी भी आधे रास्ते से लौट गए। यात्रा में भाजपा लंभुआ विधायक सीताराम वर्मा, मंडल प्रभारी मनोज श्रीवास्तव, संजीव सहित अन्य लोग मौजूद रहे।