अमेठी। यूपी बोर्ड की हाई स्कूल व इंटरमीडिएट परीक्षा के लिए जिले के 81 कॉलेजों को केंद्र का दर्जा दिया गया है। जिला कमेटी की ओर से प्रस्तावित केंद्रों की सूची पर मुहर लगाते हुए बोर्ड ने अंतिम सूची जारी कर डीआईओएस को सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त कराने का निर्देश दिया है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाई स्कूल/इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की तैयारी अंतिम चरण में है। बोर्ड ने पिछले दिनों जिला स्तरीय कमेटी की ओर से प्रस्तावित अमेठी तहसील के 28, मुसाफिरखाना के 24, तिलोई के 13 व गौरीगंज के 16 समेत कुल 81 कॉलेजों को परीक्षा केद्र का दर्जा दे दिया है।
सचिव माध्यमिक शिक्षा परिषद की मंजूरी मिलने के बाद बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी करते हुए डीआईओएस को सभी व्यवस्था दुरुस्त करने का निर्देश देते हुए नकल विहीन परीक्षा संपादित कराने को कहा है।
डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने परीक्षा केंद्रों का दर्जा पाने वाले कॉलेज प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर आवंटित परीक्षार्थियों की संख्या के अनुसार फर्नीचर, पेयजल, प्रसाधन, सभी कक्ष में दो-दो सीसीटीवी कैमरा व वाइस रिकॉर्डर, प्रश्नपत्रों की सुरक्षा के लिए लोहे की अलमारी, बाउंड्रीवाल समेत अन्य निर्धारित सुविधाओं की व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए प्रमाण पत्र देने का निर्देश दिया है।
डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बताया कि हाई स्कूल/इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा में 45,400 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें हाईस्कूल के 26,908 तथा इंटरमीडिएट के 18,492 छात्र-छात्रा (संस्थागत व व्यक्तिगत) हैं।
शैक्षिक सत्र 2018-19 की यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 75 कॉलेजों को केंद्र बनाया गया था। इस परीक्षा के लिए हाईस्कूल के 26,394 व इंटरमीडिएट के 17,893 परीक्षार्थी मिलाकर कुल 44,287 परीक्षार्थी (संस्थागत व व्यक्तिगत) का पंजीयन हुआ था।