कुड़वार के गजेहड़ी गांव में मो. सैफ के घर रोते-बिलखते परिजन।
कुड़वार। गजेहड़ी निवासी मोहम्मद कैफ (21) और मोहम्मद सैफ (20) की मंगलवार दोपहर खेत से गुजरे हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों खेत में स्थित मोहम्मद सैफ के घर बल्ली के सहारे गुजरी केबल को बांस से ऊपर कर रहे थे। इसी बीच केबल के ऊपर से गुजरे हाईटेंशन लाइन से बांस छू गया। बांस में उतरे करंट की चपेट में आने से दोनों की मौत हो गई।
परिजनों ने बताया कि मोहम्मद सैफ का घर खेत में स्थित है। सैफ के घर से करीब 500 मीटर की दूरी पर बिजली का खंभा है। उसी खंभे से केबल के जरिये सैफ के घर पर बिजली की आपूर्ति की जा रही है। सैफ के घर जाने वाला केबल बल्ली के सहारे घर तक गया है। ग्रामीणों के मुताबिक केबल लटक गया था। उसी को ऊपर करने के लिए मोहम्मद सैफ ने मंगलवार दोपहर अपने दोस्त गांव निवासी मोहम्मद कैफ से मदद करने को कहा।
मोहम्मद कैफ लटक रहे केबल को ऊपर करने के लिए मोहम्मद सैफ के साथ खेत में पहुंचा। मोहम्मद सैफ बांस लेकर केबल ऊपर करने लगा। तभी वहां से गुजरे हाईटेंशन लाइन से बांस छू गया। बांस में नमी होने से उसमें करंट प्रवाहित होने लगा, जिससे सैफ झुलस गया। उसे बचाने में कैफ भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों करंट से गंभीर रूप से झुलस गए। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर कुुड़वार पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। कुड़वार थानाध्यक्ष अमित मिश्र ने बताया कि पंचनामा कर शव को परिजनों की सुपुर्दगी में दिया गया है। दोनों के घर पर चीख-पुकार मच गई है। परिजनों ने बुधवार को गांव के ही कब्रिस्तान में शव को दफन करवाने की बात कही है।
गांव में मातम का माहौल
मो. सैफ व मो. कैफ गहरे दोस्त थे। दोनों घर पर रहते थे। सैफ का घर खेत में है, जबकि कैफ का घर आबादी क्षेत्र में बना है। सैफ के पिता फैज अहमद बाहर नौकरी करते हैं। उसका विवाह नहीं हुुआ था। तीन भाइयों में सैफ दूसरे नंबर पर था। वहीं मो. कैफ के पिता अंसार की पहले ही मौत हो चुुकी है। पांच भाइयों में वह सबसे छोटा था। दोनों की मौत से गजेहड़ी गांव में मातम का माहौल है।