दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। बरात से लौट रहे आजमगढ़ के तीन बाइक सवार युवकों को जीप ने सामने से टक्कर मार दी। बाइक जीप में फंसकर करीब 50 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई जबकि एक को गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर किया गया है। वाहन चालक जीप छोड़कर भाग निकला।
दोस्तपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बढ़ौली में बुधवार देर रात यह हादसा हुआ। आजमगढ़ के थाना पवई अंतर्गत ग्राम चक गुलरा निलासी निलेश चौरसिया (30), बिरेंद्र गौड़ (25) व दीपक चौरसिया गांव की शादी में बिरसिंहपुर कोतवाली जैसिंहपुर बाइक से बरात गए थे।
बरात में भोजन करने के बाद सभी अपने गांव लौट रहे थे। बढ़ौली नहर के पास सामने से आ रही जीप से तीनों टकरा गए। बाइक जीप में फंसकर लगभग पचास मीटर तक घिसटती रही। उसके साथ विरेंद्र गौड़ और निलेश भी घिसट गए। इस वजह से जीप का चक्का जाम हो गया ड्राइवर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग दौड़े और पुलिस को सूचना दी। थाना प्रभारी लक्ष्मी कांत मिश्र दल-बल के साथ मौके पर पहुंच कर तीनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र दोस्तपुर ले गए। वहां डाॅक्टर ने निलेश और बिरेंद्र को मृत घोषित कर दिया जबकि दीपक की हालत गंभीर देख उसे जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।
मृतकों की पहचान आधार कार्ड से की गई। बाइक सवारों में से किसी ने भी हेलमेट नहीं पहन रखा था। वर्ना शायद उनकी जान बच जाती। पुलिस दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।