सुल्तानपुर। जिले में डेंगू बुखार से शिक्षिका समेत दो महिलाओं की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने दोनों के घर पहुंचकर उनके परिवारजन का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मंगलवार को एलाइजा जांच में पांच मरीजों में डेंगू संक्रमण मिला। जिले में डेंगू संक्रमित मरीजों की संख्या 273 पहुंच गई है।
भदैंया विकास खंड के भुसका प्राथमिक विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापिका कल्पना वर्मा (32) को शनिवार से बुखार आ गया। सोमवार को तबीयत ज्यादा खराब हो गई तो जांच कराई गई। रैपिड जांच में डेंगू संक्रमण की पुष्टि हुई। डॉक्टरों ने अस्पताल में भर्ती होने की सलाह दी, लेकिन घर पर रहकर इलाज चल रहा था। मंगलवार की सुबह कल्पना की मौत हो गई। वह मूल रूप से अख॔ंडनगर विकास खंड के राहुल नगर पतीपुर गांव की निवासी थी। मृतका के दो बेटी व एक बेटा है। भदैंया विकास खंड के हनुमानगंज, फतेपुर, पखरौली, अभियाखुर्द, बभनगंवा समेत कई गांवों में लोग डेंगू की चपेट में हैं।
शहर कोतवाली क्षेत्र के चौक हनुमानगढ़ी मोहल्ले में रहने वाले वरुण अग्रहरि की पत्नी किरन अग्रहरि (56) का सोमवार रात डेंगू बुखार से मौत हो गई। तबीयत खराब होने पर परिजनों ने उन्हें लखनऊ के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था।
फॉगिंग के दिए निर्देश
जिले में दो महिलाओं की डेंगू बुखार से मौत की जानकारी मिली है। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने वहां पहुंचकर जांच पड़ताल की है। कस्बों में फागिंग के निर्देश दिए गए हैं। लोगों को डेंगू से बचने के लिए लगातार जागरूक किया जा रहा है।
डॉ. बंशीलाल, जिला मलेरिया अधिकारी