सुल्तानपुर। राज्य कर के सचल दल प्रभारी ने सफेदा की लकड़ी से लदे ट्रैक्टर को कागजात पूरे होने के बाद भी 10 दिनों तक रोके रखा। सोमवार को व्यापार बंधु एवं उद्योग बंधु की बैठक में मामला उठा तो जिलाधिकारी ने सीडीओ को प्रकरण देखने का निर्देश दिया। सीडीओ ने कार्रवाई की चेतावनी दी तो ट्रैक्टर को छोड़ दिया गया।
भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश महामंत्री रवींद्र त्रिपाठी ने सोमवार को कलेक्ट्रेट में हुई बैठक में राज्य कर के सचल दल प्रभारी पर व्यापारियों को अनायास परेशान करने का आरोप लगाया। उनका समर्थन कई व्यापारियों ने किया। कहा कि सचल दल प्रभारी छोटे व्यापारियों की गाड़ियां रोककर परेशान करते हैं। व्यापारियों ने बताया कि लंभुआ के व्यापारी सुशील कुमार सिंह के पिता सूर्यबख्श सिंह किसान हैं। वह 10 दिन पहले अपने घर से सफेदा की लकड़ी ट्रैक्टर पर लादकर उतुरी की प्लाईवुड फैक्टरी पर बेचने जा रहे थे।
ट्रैक्टर को सचल प्रभारी दीपक चौरसिया ने पयागीपुर में रोककर नियम विरुद्ध बताते हुए गोदाम में खड़ा करा दिया। कागजात प्रस्तुत करने व एआरटीओ से ओवरलोडिंग का सत्यापन कराने के बाद भी ट्रैक्टर को नहीं छोड़ा। ऐसा तब है जबकि शासन की ओर से किसानों को सफेदा की लकड़ी ले जाने की छूट दी गई है। पूरा प्रकरण जानने के बाद डीएम कृतिका ज्योत्सना ने सीडीओ को वाहन छुड़वाने के निर्देश दिए।
सीडीओ के निर्देश के बाद सचल दल प्रभारी ने सोमवार को ही तत्काल वाहन को छोड़ दिया। इस पर व्यापारियों ने अधिकारियों को धन्यवाद ज्ञापित किया है।