सेमरी कस्बे में सड़क के किनारे खोदी गई नाली में दो ट्रकों के फंसने से टांडा-बांदा हाईवे पर बृहस्पतिवार की रात आवागमन ठप हो गया। दोनों तरफ कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। शुक्रवार की सुबह पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगवाकर ट्रकों को निकलवाया, तब कहीं जाकर छह घंटे बाद जाम खुल सका। जाम से आवागमन करने वालों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
टांडा-बांदा हाईवे पर स्थित सेमरी बाजार कस्बे में सड़क की दोनों पटरियों के किनारे नाली निर्माण का कार्य चल रहा है। बृहस्पतिवार की रात करीब दो बजे सेमरी बाजार कस्बे में गुजर रहे दो ट्रक के पहिये पास लेने के दौरान गड्ढे में फंस गए, जिसके बाद सड़क पर जाम लग गया। दो ट्रकों के फंसने से आवागमन पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते हाईवे के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
रात दो बजे से सुबह आठ बजे तक इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से ठप रहा। सेमरी बाजार कस्बा निवासियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर सेमरी बाजार चौकी इंचार्ज कमलेश कुमार मौके पर पहुंचे। पुलिस ने क्रेन मंगवाकर गड्ढे में फंसे ट्रक को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकलवाया। तब कहीं जाकर टांडा-बांदा हाईवे पर आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो सका। कस्बे वासियों का कहना है कि आए दिन यहां वाहनों के फंसने से जाम लग जाता है।