मौसम के करवट बदलने से बृहस्पतिवार को सुबह आसमान में घना कोहरा छाया रहा। कोहरा रहने से सुबह लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ा। कोहरे से सुबह ट्रैफिक धीमा रहा और तापमान में गिरावट आ गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुबह के समय कोहरा रहने और तापमान गिरावट की संभावना जताई है।
मौसम के बदले मिजाज से बृहस्पतिवार को सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा।
कोहरे से सुबह के समय ट्रैफिक काफी धीमा रहा और लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। लोग हेडलाइट जलाकर वाहन चलाते दिखे। सुबह छाए कोहरे व धुंध से कड़ाके की ठंड होने लगी। बच्चों को कड़ाके की ठंड के बीच स्कूल जाना पड़ा। सुबह करीब 10 बजे धूप निकलने पर लोगों को ठंड से कुछ राहत मिली। दोपहर के समय कड़ी धूप से ठंड में कुछ कमी दर्ज की गई। शाम होते ही फिर ठंड होने लगी। मौसम विभाग ने शुक्रवार को सुबह के समय कोहरा रहने और तापमान में गिरावट की संभावना जताई है।
6.5 डिग्री सेल्सियस रहा पारा
नरेंद्रदेव कृषि विश्वविद्यालय कुमारगंज के मौसम पर्यवेक्षक योगेंद्र कुमार सिंह नागा ने बताया कि बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 20.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 7.5 डिग्री सेल्सियस से गिरकर 6.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आर्द्रता (नमी) 97-56 फीसदी रही। उत्तरी-पछुवा हवा की गति 1.9 किमी/घंटे रिकॉर्ड की गई।