पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास मुठभेड़ में घायल एहतेशाम। स्रोत-पुलिस
भदैंया। कोतवाली देहात के पखरौली क्रॉसिंग मोड़ के पास शुक्रवार देर रात पुलिस की ट्रक चोरी की वारदात में शामिल कार सवार दो बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पहले पुलिस टीम पर असलहे से गोली चलाई।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में गोली लगने से जौनपुर जिले के मजडीहा, शाहगंज निवासी एहतेशाम (30) और पटैला खुटहन निवासी मो. अनवर (45) घायल हो गए। पकड़े गए बदमाशों के पास से दो असलहे व कारतूस मिले हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक अखंड प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार रात एसओजी व कोतवाली देहात पुलिस को पता चला कि उस वारदात में शामिल दो बदमाश कार से कहीं जा रहे हैं। पखरौली रेलवे क्रॉसिंग के पास पुलिस ने घेराबंदी की तो कार सवार दोनों बदमाशों ने गोलियां चला दीं।
जवाबी कार्रवाई में पकड़े गए एहतेशाम और मो. अनवर ने बताया कि वह दोनों भी छह नवंबर को बिकवाजितपुर स्थित ढाबे के पास हुई ट्रक चोरी की वारदात में शामिल थे। गोली लगने से घायल बदमाशों ने सीएचसी भदैंया में इलाज कराने के बाद कोर्ट में पेश किया गया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया।
एएसपी ने बताया कि अमेठी जिले के गौरीगंज के नरौली निवासी असलम का मिनी ट्रक छह नवंबर को बिकवाजितपुर स्थित ढाबे के पास से चोरी हो गया था। उन्होंने आठ नवंबर को ट्रक चोरी का केस दर्ज कराया था। इस वारदात में पांच लोगों के नाम सामने आए थे। जिसमें 16 नवंबर की रात कोतवाली देहात पुलिस ने बभनगंवा गांव के पास मुठभेड़ में अमरनाथ निवासी सबरहल, शाहगंज, जौनपुर व अर्शलान निवासी मजडीहा, शाहगंज, जौनपुर को गिरफ्तार किया था। उनके पास से चोरी का ट्रक व पीड़ित का मोबाइल मिला था।
दोनों को पुलिस ने जेल भेजा था। इस वारदात में शामिल एक आरोपी फरार है। उसकी तलाश पुलिस कर रही है। पकड़े गए आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड पता किया जा रहा है।