दूबेपुर (सुल्तानपुर)। पारेषण उपकेंद्र पयागीपुर से निकली हाईटेंशन बिजली लाइनों में फाॅल्ट से रविवार को पकड़ी और टीपीनगर उपकेंद्र का संचालन एक-एक घंटे तक बंद रहा। जिससे क्षेत्र के लगभग 70 गांवों व कई मोहल्लों की बिजली आपूर्ति बाधित रही।
पारेषण उपकेंद्र स्विच यार्ड में मरम्मत कार्य के चलते सुबह 8.40 से 9.40 बजे तक टीपीनगर उपकेंद्र की इनकमिंग लाइन की आपूर्ति बंद कर दी गई। दोपहर करीब एक बजे पकड़ी उपकेंद्र की हाईटेंशन इनकमिंग लाइन की आपूर्ति में आई खराबी से एक घंटे तक फेल रही। इस दौरान गोराबारिक, अमहट, रानीगंज, दूबेपुर, दिखौली, तुराबखानी, तमेहड़ी, लाखीपुर, बैजापुर सहित 70 गांवों की बिजली आपूर्ति बंद रही। अवर अभियंता जियालाल ने बताया कि पारेषण खंड ने स्विच यार्ड में खंभों पर लिपटी जंगली लताओं और झाड़ियों को कटवाने के लिए आपूर्ति बंद की थी। मरम्मत खत्म होने के बाद आपूर्ति बहाल कर दी गई।