पूर्वांचल एक्सप्रेस वे पर बढ़ौली के पास दुर्घटनाग्रस्त कारें। स्रोत-यूपीडा
दोस्तपुर (सुल्तानपुर)। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बढ़ौली के पास शनिवार दोपहर दो कारों की भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में एक कार में मौजूद बिहार के वेस्ट चंपारण, नरई, नरायनपुर वार्ड नंबर 10 निवासी श्याम बिहारी सिंह (62) व सिवान के मैरवा, जीतपुर महियावा के अजय कुमार गुप्ता (40) की घटनास्थल पर मौत हो गई, जबकि बेतिया निवासी कन्हैया (30) व अशोक कुमार यादव (32) गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, दूसरी कार में सवार आजमगढ़ जिले के कलंदरपुर की रीता (40), उनकी पुत्री दीक्षा (22), भतीजी दीपशिखा (21), गरिमा (22), संदीप यादव (30) घायल हो गए। घायलों को सीएचसी दोस्तपुर पहुंचाया गया। वहां से कन्हैया व अशोक कुमार को जिला अस्पताल अंबेडकरनगर रेफर कर दिया गया।
यूपीडा के सहायक सुरक्षा अधिकारी धनेश कुमार ने बताया कि हादसा एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 162.7 पर शनिवार दोपहर 2:15 बजे हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार आजमगढ़ से लखनऊ जा रही थी। वहीं, दूसरी कार लखनऊ से गाजीपुर की ओर जा रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक दूसरी कार गलत दिशा में घूमकर दूसरे लेन पर आ गई। इस दौरान दोनों कारों की भिड़ंत में परखचे उड़ गए।
दुर्घटना के बाद यूपीडा कर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात बहाल किया गया। रीता, दीक्षा, दीपशिखा, गरिमा व संदीप का इलाज दोस्तपुर सीएचसी में चल रहा है। वहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सीओ कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे में मृतक व घायलों के परिजनों को जानकारी दे दी गई है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी।
शादी की खरीदारी करने लखनऊ जा रहे थे
आजमगढ़ निवासी रीता ने बताया कि उनके पुत्र का विवाह नवंबर माह में तय है। वह अपनी बेटी व भतीजी के साथ शादी की खरीदारी करने के लिए लखनऊ जा रही थीं। इसी बीच रास्ते में दुर्घटना हो गई।