भदैंया (सुल्तानपुर)। कोतवाली देहात के कुछमुछ बरगदहा गांव में सोमवार रात वैवाहिक कार्यक्रम में पहुंचे बरातियों की कुछ लोगों से मारपीट हो गई। घराती पक्ष का आरोप है कि निमंत्रण में पहुंचे कुछ बाहरी और गांव के लोगों ने मिलकर बरातियों को पीट दिया।
आरोपियों ने बरातियों के वाहन भी तोड़ डाले। भोजन में मिट्टी मिला दी। बराती खाना भी नहीं खा सके।
गांव निवासी विजय श्याम निषाद के मुताबिक, सोमवार रात उनके घर में शादी थी। कुड़वार के नीरसहिया गांव से बरात आई थी। तभी बेलामोहन गांव के कुछ लोग उनके दरवाजे पर पहुंचे। आरोपियों ने गांव के कुछ लोगों के साथ मिलकर द्वारपूजा के बाद बरातियों पर हमला कर दिया।
आरोपियों ने बरातियों के कुछ वाहन तोड़ दिए। जब गांव वाले बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने बरातियों के लिए बने भोजन में मिट्टी मिला दिया। बराती खाना भी नहीं खा सके।
विजय प्रताप ने कोतवाली देहात में तहरीर देकर केस दर्ज कराने की मांग की है। इंस्पेक्टर अखंड देव मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है। अभी कोई घायल व्यक्ति नहीं आया है।