सुल्तानपुर। मोतीगंज बाजार में सोमवार की रात हुए हादसे में मरने वालों की संख्या चार पहुंच गई है। एक साथ चार मौतों से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह मोतीगंज बाजार में सड़क जामकर पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता दिलाए जाने की मांग की।
प्रदर्शन की सूचना के बाद पहुंचे एसडीएम व सीओ ने लोगों को हर संभव मदद का भरोसा दिया। तब जाकर लोग शांत हुए। दूसरी तरफ क्षेत्र के मूंगर, सोनारा, जंजाली का पुरवा और मोतीगंज बाजार में कोहराम मचा है।
गोसाईगंज थाना क्षेत्र के मोतीगंज बाजार में सोमवार की रात एक जीप और कार में भिड़ंत हो गई थी। दुर्घटना के बाद मची चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंचे और वाहनों में फंसे लोगों को बाहर निकाल रहे थे तभी एक बस ने बचाव कार्य में लगे लोगों को रौंद दिया था।
हादसे में घायल लोगों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया था, जहां चिकित्सकों ने अवनू जाफर उर्फ हसन अब्बास (38) पुत्र माशूक अली निवासी मूंगर और मोहम्मद अलीम निवासी सोनारा थाना गोसाईगंज को मृत घोषित कर दिया था। गंभीर रूप से घायल विपिन अग्रहरि, सुनील अग्रहरि, वसीम और गगन तिवारी को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया था।
मंगलवार की सुबह ट्रॉमा सेंटर में गगन तिवारी (28) पुत्र समर बहादुर निवासी जंजाली का पुरवा और सुनील अग्रहरि (32) पुत्र गंगाराम निवासी मोतीगंज थाना गोसाईगंज की मौत हो गई। हादसे में चार लोगों की मौत से क्षेत्र में कोहराम मच गया।
एक साथ चार मौतों से नाराज ग्रामीणों ने मंगलवार की सुबह मोतीगंज बाजार में सड़क जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। लोगों की मांग थी कि पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दी जाए और जो लोग घायल हुए हैं उन्हें चिकित्सीय सेवा उपलब्ध कराई जाए।
इसके साथ ही सड़क पर ब्रेकर का निर्माण कराया जाए। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही एसडीएम जयसिंहपुर राम औतार व सीओ दलबीर सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। एसडीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया। तब जाकर लोग शांत हुए।
गोसाईगंज। मूंगर गांव निवासी अवनू जाफर उर्फ हसन अब्बास पेंटिंग का काम करते थे। हसन अब्बास के घर में पत्नी शबा बानो के साथ ही दो बच्चे हैं। बच्चों में रेहान (7) व मेहाल (5) हैं। हसन अब्बास की मौत की सूचना मिलते ही मुंबई में रह रहे उनके पिता माशूक अली मंगलवार को घर पहुंच गए।
हसन अब्बास की मौत से परिवार में कोहराम मचा है। दोपहर बाद हसन अब्बास के शव को सुपुर्दे-ए-खाक कर दिया गया। इस मौके पर डॉ. एके सिंह, सुमन सिंह, गौरव सिंह समेत क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।