मुठभेड़ में घायल शिवम सिंह। स्रोत-पुलिस
मोतिगरपुर। ढेमा चौराहे पर युवक को गोली मारने के आरोपियों की शनिवार देर रात रामपुर विरतिहा के पास पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। इसी दौरान एक गोली मोतिगरपुर थाने के क्राइम इंस्पेक्टर चंद्रभान वर्मा के बाएं बाजू को छूकर निकल गई। पुलिस ने दोनों घायल बदमाशों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक आरोपी भाग निकला।
शुक्रवार देर रात ढेमा चौराहे पर घर के सामने खड़े विपिन सिंह पर बाइक सवार बदमाशों ने चार राउंड फायरिंग की थी। इस घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी समेत पुलिस की तीन टीमें लगाई गई थीं। क्षेत्राधिकारी जयसिंहपुर सुनील कुमार सिंह ने बताया कि शनिवार रात 10:45 बजे सूचना मिली थी कि गोलीकांड में शामिल आरोपी दो बाइकों से जा रहे हैं।
पुलिस टीम ने रामपुर विरतिहा नहर तिराहे के पास घेराबंदी कर उन्हें रोकने का प्रयास किया। खुद को घिरता देखकर बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में मुड़हा निवासी शिवम सिंह के दाहिने पैर और रतन निषाद के बाएं पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। पुलिस ने पीछा कर मुड़हा निवासी सत्यम गौतम को गिरफ्तार कर लिया। दोस्तपुर के बरियारपुर निवासी रमन पुलिस को चकमा देकर भाग निकला।