सुल्तानपुर। कूरेभार पीढ़ी रोड पर स्थित अलमापुर गांव के पास मंगलवार की दोपहर बाइक सवार दो युवकों को तेज रफ्तार कार ने रौंद दिया। दुर्घटना में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। परिवारीजन युवक को लखनऊ ले जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसकी भी मौत हो गई।
कूरेभार थाना क्षेत्र के अलमापुर गांव के पास मंगलवार की दोपहर बाद बाइक से संतोष मिश्र (35) पुत्र जगदीश शरन मिश्र निवासी उपाध्यायपुर थाना कुमारगंज और प्रतीक सिंह (32) पुत्र दिग्विजय सिंह निवासी अस्थना थाना इनायत नगर जिला अयोध्या को तेज रफ्तार कार ने सामने से टक्कर मार दी।
दुर्घटना में संतोष मिश्र की मौके पर ही मौत हो गई जबकि प्रतीक सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल प्रतीक को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
दुर्घटना की सूचना के बाद पहुंचे परिवारीजन प्रतीक को लेकर लखनऊ जाने की तैयारी कर रहे थे कि उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
कूरेभार थाने के उपनिरीक्षक दरोगा केपी वर्मा ने बताया कि बाइक सवार युवकों ने हेलमेट नहीं लगाया था। हेलमेट पहने होते तो जान बच सकती थी।