अखंडनगर के कुंदाभैरोपुर के पास मुठभेड़ के दौरान घायल आरोपी अब्दुल सलाम। स्रोत-पुलिस
अखंडनगर। कुंदाभैरोपुर के पास बुधवार तड़के पुलिस और पशु तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। दाहिने पैर में पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश जख्मी हो गया। उसका बड़ा भाई भी पकड़ लिया गया, जबकि तीन अन्य साथी पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।
पकड़े गए बदमाशों के पास से एक असलहा, कारतूस, चापड़ व लकड़ी का ठेहा मिला है। पुलिस अधीक्षक चारू निगम ने पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की है।
पुलिस के मुताबिक बुधवार तड़के 3:10 बजे कुंदाभैरोपुर में वाहनों की चेकिंग चल रही थी। तभी पशु तस्करी से जुड़े पांच लोग दो बाइकों से नेमपुर से जा रहे थे। पुलिस ने घेराबंदी बाइकों को रोकने का प्रयास। तभी एक बाइक सड़क किनारे गिर गई। आरोप है कि बाइक पर पीछे बैठे व्यक्ति ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली बदमाश के दाहिने पैर में लगी। दूसरा बदमाश झाड़ियों में छिप गया। उसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दूसरी बाइक पर सवार तीन लोग पुलिस को चकमा देकर भाग निकले।
घायल की पहचान अब्दुल सलाम (45) निवासी प्यारेपुर हाजीगंज, चांदा के रूप में हुई है। दूसरे गिरफ्तार बदमाश की पहचान अब्दुल सलाम के बड़े भाई रियाज (55) के रूप में हुई। उसके पास से चापड़ व लकड़ी का ठेहा मिला है।