मतदाता सूची में नाम बढ़वाने के लिए सगे भाइयों ने बीएलओ की पिटाई कर दी। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी सगे भाइयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मामला कुंदा भैरवपुर गांव से जुड़ा है। अखंडनगर थाना क्षेत्र के लोरपुर गांव निवासी बृजेश कुमार यादव क्षेत्र के कुंदा भैरवपुर के बीएलओ हैं।
बीते गुरुवार की देर शाम कल्यानपुर गांव निवासी संजीव व अमन (सगे भाई) पुत्रगण रामदीन ने बीएलओ बृजेश कुमार से मतदाता सूची में नाम बढ़ाने को कहा। बृजेश के इंकार करने पर दोनों भाइयों ने बीएलओ की जमकर पिटाई की और सरकारी कागजात फाड़ डाला था।
पीड़ित बीएलओ ने मामले की शिकायत एसडीएम कादीपुर से की थी। एसडीएम के आदेश पर शनिवार को आरोपी संजीव व अमन के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। एसओ एफआर खां ने बताया कि मामले की तफ्तीश की जा रही है।