धम्मौर। सुल्तानपुर-रायबरेली हाईवे पर छरौली के पास शुक्रवार रात नौ बजे अज्ञात वाहन की चपेट में आने से पलिया निवासी ट्रक चालक अफसर अली (37) की मौत हो गई। स्थानीय ग्रामीणों के मुताबिक अफसर अली शहर की ओर जा रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था।
परिजनों ने बताया कि अफसर अली मुंबई में ट्रक चलाते थे। करीब 20 दिन पहले वह मुंबई से घर आए थे। शुक्रवार रात वह पलिया गांव स्थित घर से बाइक से कुछ सामान लेने शहर जाने के लिए अकेले निकले थे। छरौली गांव के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। धम्मौर थाने के अपराध निरीक्षक कमलाकांत तिवारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी। सीओ सिटी राघवेंद्र सिंह ने बताया कि
अज्ञात वाहन का पता लगाने को बाजार व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है।
परिवार के भरण- पोषण की जिम्मेदारी अफसर अली के कंधों पर थी। घर पर उनकी पत्नी सायरा के अलावा तीन पुत्रियां हैं। बड़ी पुत्री जहरीन (14), दूसरी पुत्री जोया (12) व तीसरी पुत्री उमायरा बेटी (09) है। मुखिया की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
इनसेट-
बेकाबू बाइक से गिरकर किशोर जख्मी
कादीपुर। पड़ेला गांव के पास शनिवार सुबह 08:30 बजे एक अनियंत्रित बाइक से गिरकर करौंदीकला के पाकड़पुर निवासी शिवांकित (17) गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक शिवांकित चला रहे थे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। वह अपने घर से कादीपुर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में पड़ेला गांव के पास दुर्घटना हो गई। उन्हें स्थानीय सीएचसी पहुंचाया गया। कादीपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
असगर फाइल फोटो - फोटो : असगर फाइल फोटो