भदैंया (सुल्तानपुर)। सऊदी अरब के रियाद में दो ट्रक की भिड़ंत के बाद एक ट्रक में आग लग गई। आग लगे ट्रक में फंसने से चालक मलिकपुर गांव के गुलरेज की मौत हो गई। सूचना मिलते ही गांव में मातम पसर गया। शोक संतप्त परिवार को ढांढ़स बंधाने वालों का तांता लग गया। परिजनों ने शव को भारत लाने की मांग सरकार से की है।
मलिकपुर गांव निवासी कय्यूम अहमद के पुत्र गुलरेज अहमद (26) पिछले वर्ष मार्च माह में रोजी-रोटी के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। वे रियाद में एक कंपनी में ट्रक चलाते थे। शुक्रवार को वे ट्रक लेकर कहीं जा रहे थे। रास्ते में सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद गुलरेज के ट्रक में आग लग गई। ट्रक में फंस कर जिंदा जल गए।
कय्यूम के पांच बेटे व चार बेटियां हैं। गुलरेज पांच भाइयों में दूसरे नंबर पर थे। गुलरेज की मौत से बुजुर्ग माता-पिता गम के बोझ से बेसुध हो गए हैं। मलिकपुर के पूर्व प्रधान अनीस अहमद, पूर्व प्रधान अबू शहबाज, वजूपुर प्रधान प्रतिनिधि फिरोज अहमद उर्फ़ जलीस सहित बड़ी संख्या में लोगों ने पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया।