जयसिंहपुर के बगियागांव में नाले की खोदाई के दौरान गिरा पेड़।
जयसिंहपुर। बगियागांव चौराहे पर जलनिकासी के लिए बनाए जा रहे नाले की खोदाई के दौरान शनिवार दोपहर मशीन के दबाव से राम जनम की दुकान के पास स्थित नीम का पेड़ उखड़कर बिजली की एलटी लाइन पर गिर पड़ा। बिजली के तीन खंभे टूट गए और करीब 50 घरों की आपूर्ति ठप हो गई।
हादसे के दौरान आपूर्ति चालू होने से आसपास की कई दुकानों में करंट फैलने की आशंका बनी रही। हादसे में मड़ए निवासी मोहम्मद अंसारी की बाइक क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि फल व्यापारी राम जनम का हजारों रुपये का सामान नष्ट हो गया। ठाकुर प्रसाद की दुकान पर रखी 16 कुर्सियां टूट गईं। पेड़ गिरने से बरौंसा–विरसिंहपुर मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन बाधित रहा। स्थानीय लोगों ने ठेकेदार और मशीन चालक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए नाराजगी जताई।
व्यापारी विनोद मोदनवाल, विकास, रमेश अग्रहरि, अरविंद गुप्ता और ठाकुर प्रसाद ने बताया कि नाले की खोदाई बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के की जा रही थी। सूचना मिलने पर पॉवर काॅर्पोरेशन की टीम मौके पर पहुंची और मरम्मत कार्य शुरू किया। पुलिस ने पहुंचकर पेड़ को कटवाकर आवागमन बहाल कराया। पॉवर कॉर्पोरेशन के अवर अभियंता विवेक कुमार ने बताया कि बगियागांव चौराहे के करीब 50 घरों की आपूर्ति बाधित हुई है। मरम्मत का काम चल रहा है। देर रात तक आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।