सुल्तानपुर। मुख्यमंत्री जनआरोग्य मेले में रविवार को बुखार व जुकाम के मरीजों की संख्या अधिक रही। इसके अलावा अन्य रोगों से परेशान मरीज भी पहुंचे। मेला समाप्ति तक स्वास्थ्य विभाग ने 3818 मरीजों के इलाज का दावा किया है।
जिले के 45 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में सुबह से ही मरीजों के परीक्षण का कार्य शुरू हो गया। दोस्तपुर के छीतेपट्टी पीएचसी पर चेकअप कराने पहुंची गांव निवासी नंदिनी ने बताया कि वह एक माह से बुखार से पीड़ित चल रही है। ठीक होकर फिर बुखार चढ़ जा रहा है।
इसी गांव की सुदामा देवी ने बताया कि वह भी बुखार से पीड़ित है। चिकित्सक डॉ. इंद्रजीत वर्मा ने दोनों का चेकअप करके दवा उपलब्ध कराई है। बताया कि मेले में आए 30 मरीजों में से ज्यादातर बुखार व जुकाम से पीड़ित पाए गए।
पीएचसी विजेथुआ पर बुखार से जुकाम से पीड़ित 12 वर्षीय अनुराग का चिकित्सक डॉ. प्रकाश त्रिपाठी ने परीक्षण किया। बताया कि सर्दी व जुकाम-बुखार के मरीज अधिक आए थे। अलीगंज पीएचसी पर मेले में सर्वाधिक 125 मरीजों का चिकित्सक ने परीक्षण किया। इनमें 40 महिलाएं शामिल रहीं।
रविवार शाम स्वास्थ्य विभाग ने मेले में 3818 मरीजों के परीक्षण का दावा किया है। सीएमओ डॉ. ओमप्रकाश चौधरी ने बताया कि मेले में परीक्षण मेले में 68 चिकित्सक व 329 पैरामेडिकल स्टाफ लगाए गए थे। 522 की कोविड स्क्रीनिंग करते हुए अन्य जांच कराई गई है।