अखंडनगर। तुलसीनगर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की मांग पर चल रहा संघर्ष रंग लाया है। अधिवक्ता विमल दुबे के प्रयास से स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव का रास्ता साफ हुआ है। धरना-प्रदर्शन से लेकर हाईकोर्ट की लखनऊ पीठ में याचिका दायर करने तक लड़ाई लड़ी गई।
विमल दुबे के मुताबिक रेलवे अधिकारियों से लगातार संपर्क कर रेल मंत्री तक मांग पहुंचाई गई। हाईकोर्ट में याचिका दायर करने के बाद तीन महीने में ठहराव के प्रयास सफल हुए।
रविवार को वाराणसी से चलकर अयोध्या धाम जाने वाली ट्रेन रात 9:30 बजे तुलसीनगर पहुंचेगी। यह व्यवस्था तीन नवंबर तक रहेगी। सुबह और शाम दो ट्रेनों के ठहराव पर विचार करने का भरोसा अधिकारियों ने दिया है। वहीं, त्रिभुवन सिंह, अर्जुन प्रसाद, राघवेंद्र द्विवेदी और रामकेवल ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई।