सुल्तानपुर। रेलवे ने उतरेटिया से ट्रांसपोर्टनगर तक ट्रैक दोपहरीकरण कार्य पूरा कर लिया है। अब छूटे हुए स्थानों पर नॉन इंटरलॉकिंग का कार्य करने के लिए बृहस्पतिवार से 23 फरवरी तक ब्लॉक लिया गया है। ब्लॉक की वजह से शनिवार से 23 फरवरी के बीच हिमगिरि सुपर फास्ट, चंडीगढ़-पाटिलपुत्र एक्सप्रेस समेत छह ट्रेनों का संचालन विभिन्न तिथियों पर निरस्त किया गया है। इससे यात्रियों को काफी परेशानी होगी। रिजर्वेशन करा चुके यात्रियों को टिकट निरस्त करवाना होगा।
ब्लॉक की वजह से विभिन्न रुट की 20 से अधिक ट्रेनों का संचालन शुक्रवार से निरस्त किया गया है। इसी कड़ी में सुल्तानपुर से होकर गुजरने वाली कामाख्या-डॉ. अंबेडकर नगर स्पेशल ट्रेन का संचालन 14 से 21 फरवरी के बीच आरंभिक स्टेशन कामाख्या से निरस्त किया गया है। वहीं, डॉ. अंबेडकर नगर-कामाख्या स्पेशल एक्सप्रेस का संचालन आरंभिक स्टेशन डॉ. अंबेडकर नगर से बृहस्पतिवार से 18 फरवरी तक निरस्त किया गया है। हावड़ा-जम्मूतवी हिमगिरि सुपर फास्ट स्पेशल ट्रेन का संचालन आरंभिक स्टेशन हावड़ा से 13, 16, 19 व 20 फरवरी को निरस्त किया गया है। जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि डाउन स्पेशल ट्रेन आरंभिक स्टेशन जम्मूतवी से 15, 18, 21 और 22 फरवरी को निरस्त की गई है। पाटलिपुत्र चंडीगढ़ सुपरफास्ट अप स्पेशल 17 से 21 फरवरी तक निरस्त रहेगी। चंडीगढ़-पाटलिपुत्र डाउन सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन का संचालन 18 से 22 फरवरी तक निरस्त किया गया है। रूट की प्रमुख छह जोड़ी ट्रेनों का संचालन निरस्त होने से रिजर्वेशन करा चुके यात्रियों को टिकट निरस्त करवाना पड़ेगा। इससे यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने ट्रेनों का संचालन निरस्त होने की पुष्टि की है।