सुल्तानपुर। रूट की प्रमुख ट्रेनों में जल्द ही जनरल टिकट पर सफर करने की सुविधा बहाल होगी। रेलवे ने 14 जोड़ी प्रमुख ट्रेनों में जनरल टिकट की सुविधा बहाल करने का निर्णय लिया है। यह व्यवस्था एक जून के बाद अलग-अलग तिथियों पर ट्रेनों में बहाल की जाएगी। यूटीएस (अनरिजर्व्ड टिकट सिस्टम) की व्यवस्था उपासना, कुंभ, मरुधर, श्रमजीवी एक्सप्रेस समेत अन्य ट्रेनों पर लागू होगी।
कोरोना काल में रूट की प्रमुख ट्रेनों पर जनरल टिकट की व्यवस्था को बंद कर दिया गया था। कोरोना काल खत्म होने के बाद से अभी रूट की शटल, बेगमपुरा, वाराणसी-सुल्तानपुर पैसेंजर, सुल्तानपुर-आनंद विहार सद्भावना एक्सप्रेस और अयोध्या-प्रयागराज ट्रैक की मनवर संगम व अयोध्या-प्रयागराज पैसेंजर पर जनरल टिकट की व्यवस्था लागू है। अन्य ट्रेनों पर रेलवे ने यूटीएस (अनरिजर्व्ड) व्यवस्था नहीं लागू की है। इस वजह से अन्य ट्रेनों पर यात्रा करने के लिए लोगों को रिजर्वेशन कराना पड़ता था। इस समय सुल्तानपुर स्टेशन से प्रतिदिन करीब 15 जोड़ी ट्रेनों का संचालन किया जाता है और 1,500 लोग प्रतिदिन ट्रेनों से सफर करते हैं। हाल ही में रेलवे की ओर से रूट की 14 जोड़ी ट्रेनों पर जनरल टिकट से यात्रा करने की सुविधा बहाल करने का आदेश जारी किया गया है। जारी आदेश की प्रति सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन पर पहुंच गई हैै।
रेलवे ने एक जून से देहरादून-हावड़ा उपासना डाउन एक्सप्रेस, 12 जून से देहरादून-हावड़ा कुंभ डाउन एक्सप्रेस व वाराणसी-जोधपुर मरुधर अप एक्सप्रेस में जनरल टिकट से यात्रा करने की सुविधा को बहाल किया है। वहीं, 14 जून से सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक अप एक्सप्रेस, 15 जून से दिल्ली-माल्दाटाउन फरक्का डाउन एक्सप्रेस, 16 जून से चंडीगढ़-पाटलिपुत्र डाउन एक्सप्रेस, 17 जून से आनंद विहार-रक्सौल सद्भावना डाउन एक्सप्रेस, 18 जून से नई दिल्ली-राजगीर श्रमजीवी डाउन एक्सप्रेस, 19 जून से आनंद विहार-गाजीपुर सुहेलदेव डाउन एक्सप्रेस, 23 जून से श्री वैष्णो देवी कटड़ा-गाजीपुर डाउन एक्सप्रेस व आनंद विहार-रक्सौल सद्भावना डाउन एक्सप्रेस पर जनरल टिकट से यात्रा करने की सुविधा मिलेगी।
वहीं, 30 जून से जम्मूतवी-हावड़ा हिमगिरि डाउन सुपरफास्ट एक्सप्रेस का जनरल टिकट मिलने लगेगा। दो जुलाई से वाराणसी-अहमदाबाद व छह जुलाई से सुल्तानपुर-अहमदाबाद अप एक्सप्रेस पर यात्रियों को जनरल टिकट की सुविधा मिलने लगेगी। मुख्य वाणिज्य निरीक्षक ज्योति स्वरूप श्रीवास्तव का कहना है कि ट्रेनों पर जनरल टिकट की यह व्यवस्था लागू होने से यात्रियों की संख्या व रेलवे के राजस्व दोनों में वृद्धि होगी।
मरुधर एक्सप्रेस में बढ़ाया स्लीपर कोच
गर्मी की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने मरुधर अप व डाउन एक्सप्रेस में एक-एक स्लीपर कोच बढ़ाने का निर्णय लिया है। जोधपुर-वाराणसी मरुधर डाउन एक्सप्रेस में एक मई से 31 मई तक और वाराणसी-जोधपुर मरुधर अप एक्सप्रेस में दो मई से एक जून तक द्वितीय शयनयान श्रेणी कोचों की अस्थाई बढ़ोतरी की जा रही है। मरुधर एक्सप्रेस में कोच बढ़ने से रिजर्वेशन में सहूलियत होगी।