सुल्तानपुर। होली पर घर आए परदेसियों ने अब वापसी शुरू कर दी है। बड़ी संख्या में यात्री त्योहार मनाने के बाद वापस जा रहे हैं। इस सप्ताह के शुरुआती दिनों में 21, 22, 23, 24 मार्च को सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन से होकर दिल्ली, लोकमान्य तिलक, अहमदाबाद समेत अन्य महानगरों को जाने वाली करीब छह जोड़ी ट्रेनों के स्लीपर कोच में सीटें फुल हो चुकी हैं। कुछ ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है।
सुल्तानपुर रेलवे स्टेशन से महानगरों को जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ी है। रूट की कई प्रमुख ट्रेनों के स्लीपर कोच में सीटें फुल हो गई हैं। आरक्षण केंद्र के अनुसार राजगीर से नई दिल्ली जाने वाली श्रमजीवी अप एक्सप्रेस में सोमवार, मंगलवार व बुधवार को नो रूम है। इस ट्रेन में बृहस्पतिवार को 60 के ऊपर वेटिंग है। हावड़ा से जम्मूतवी को जाने वाली हिमगिरि अप एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 23 मार्च को 52 व 26 मार्च को 36 वेटिंग शो कर रही है। वाराणसी से नई दिल्ली जाने वाली महामना अप एक्सप्रेस में 22 मार्च को सीटें फुल हो चुकी हैं। इस ट्रेन में 24 मार्च को 53 व 26 मार्च को 47 वेटिंग चल रही है। गाजीपुर से आनंद विहार जाने वाली सुहेलदेव अप एक्सप्रेस में 21, 23, 25 व 27 मार्च को सीटें फुल चल रही हैं।
पटना से कोटा को जाने वाली कोटा-पटना अप एक्सप्रेस में सोमवार को नो रुम है। इस ट्रेन में 23 मार्च को भी सीटें फुल हैं। वहीं, 24 मार्च को 55 वेटिंग शो कर रहा है। अयोध्या कैंट से लोकमान्य तिलक को जाने वाली साकेत डाउन एक्सप्रेस में 24, 27 व 31 मार्च को सीटें फुल हो चुकी हैं। सुल्तानपुर से अहमदाबाद को जाने वाली सुल्तानपुर डाउन सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 23 मार्च को नो रूम है। इस ट्रेन में 30 मार्च को 60 से ऊपर वेटिंग शो कर रही है। माल्दाटाउन से दिल्ली को जाने वाली फरक्का अप एक्सप्रेस के स्लीपर कोच में 22 मार्च को सीटें फुल हैं। सुल्तानपुर से लोकमान्य तिलक को जाने वाली सुल्तानपुर-लोकमान्य तिलक सुपर फास्ट डाउन एक्सप्रेस में 22 मार्च को नो रूम व 27 को 60 के ऊपर वेटिंग शो कर रही है।
पटना-इंदौर अप एक्सप्रेस में 23 व 25 मार्च को सीटें फुल हैं। देहरादून से हावड़ा तक जाने वाली कुंभ डाउन सुपरफास्ट एक्सप्रेस में 22 मार्च को 49, 23 मार्च को 46, 25 मार्च को 35 व 26 मार्च को 34 वेटिंग है। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि रूट की प्रमुख ट्रेनों में होली के बाद भी यात्रियों की भीड़ बढ़ी है। प्रमुख ट्रेनों में इस हफ्ते के शुरुआती दिनों में या तो नो रूम है या फिर लंबी वेटिंग चल रही है।