सुल्तानपुर। सुल्तानपुर से वाराणसी की ओर जा रही एक मालगाड़ी के कई डिब्बे बृहस्पतिवार की सुबह जौनपुर जिले के श्रीकृष्णानगर व सराय हरखू रेलवे स्टेशन के बीच पटरी से उतर गए। इससे लखनऊ-वाराणसी रेलपथ का अप व डाउन ट्रैक बाधित हो गया।
दुर्घटना की जानकारी होने के बाद रेलवे की ओर से सुल्तानपुर से वाराणसी के बीच रोज चलने वाली सुल्तानपुर-वाराणसी अप व डाउन पैसेंजर ट्रेन का संचालन निरस्त कर दिया गया। रक्सौल से आनंद विहार को जाने वाली सद्भावना अप एक्सप्रेस, बेगमपुरा अप एक्सप्रेस, हरिहर अप एक्सप्रेस, श्रमजीवी अप एक्सप्रेस को वाराणसी से वाया प्रतापगढ़ के रास्ते लखनऊ के लिए रवाना किया गया। वहीं, इंदौर-पटना डाउन, बेगमपुरा डाउन, कोटा-पटना डाउन, फरक्का डाउन, उपासना डाउन, भटिंडा-वाराणसी डाउन, महामना डाउन एक्सप्रेस को लखनऊ से सुल्तानपुर वाया प्रतापगढ़ के रास्ते वाराणसी के लिए रवाना किया गया।
दुर्घटना स्थल पर अयोध्या से एआरटी (एक्सीडेंटल रिलीफ ट्रेन) भेजी गई। देर शाम तक रेल कर्मचारी मालगाड़ी के डिब्बों को हटाकर रूट क्लीयर करने की कोशिश में लगे रहे। वहीं, बड़ी संख्या में ट्रेनों का रूट डायवर्जन से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। स्टेशन अधीक्षक बीएस मीना ने बताया कि श्रीकृष्णानगर व सरायहरखू रेलवे स्टेशन के बीच मालगाड़ी के डिरेल होने के बाद रूट की सभी अप व डाउन ट्रेनों का रूट डायवर्जन कर दिया गया। उन्होंने देर रात तक ट्रैक क्लीयर होने की उम्मीद जताई।