सुल्तानपुर। सावन मास व कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस ने बृहस्पतिवार से 28 अगस्त तक विशेष डायवर्जन व्यवस्था लागू की है। अयोध्या जाने वाले भारी मालवाहक वाहनों को निर्धारित तिथियों पर वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा, जबकि बेलवाई स्थित श्री भुवनेश्वरनाथ शिव मंदिर में प्रत्येक सोमवार और सावन पूर्णिमा पर विशेष यातायात व्यवस्था प्रभावी रहेगी।
पुलिस के अनुसार कांवड़ यात्रा के दौरान आवश्यक सेवाओं को छोड़कर ट्रक, ट्रेलर, टैंकर और ट्रैक्टर जैसे भारी वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा। यातायात और स्थानीय पुलिस की अतिरिक्त तैनाती कर श्रद्धालुओं व आम लोगों को सुरक्षित आवागमन उपलब्ध कराया जाएगा। अयोध्या जाने वाले भारी वाहनों को हलियापुर, कूरेभार चौराहा, मुजेश तिराहा और गोसाईगंज के कटका तिराहा से डायवर्ट कर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे व अन्य वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।
बेलवाई स्थित भुवनेश्वरनाथ शिव मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए अंबेडकरनगर और शाहगंज की ओर से आने वाले भारी वाहनों को भी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की ओर मोड़ा जाएगा। छोटे वाहनों के लिए बेलवाई बाजार, नहर पुलिया और अन्य आंतरिक मार्गों से आवागमन की व्यवस्था की गई है, जिससे मंदिर क्षेत्र में जाम की स्थिति न बन सके।
अपर पुलिस अधीक्षक बृज नारायण सिंह ने बताया कि सावन के प्रत्येक सोमवार, शिवरात्रि, नागपंचमी, पूर्णिमा और अन्य प्रमुख मेलों के दौरान अलग-अलग समयावधि में डायवर्जन प्रभावी रहेगा।